विविधा

विविधा : हिंदी की साहित्यिक पत्रिका

Sunday, September 15, 2019

जे.सी. पाण्डेय के दोहे

पाण्डेय जे.सी. के दोहे

कहने को तो सब कहें, माँ से है घर-बार।
छोड़ गया वो कौन था, वृद्धाश्रम के द्वार।।
2
जीना तो संयोग है, साँसें मिली उधार।
मौत खड़ी महबूब-सी, लिए हाथ में हार।।
3
कहाँ चले तुम बाँधकर, पाँवों में ज़ंज़ीर।
तन-मन दोनों पर लगे, घाव बड़े गम्भीर।।
4
हुआ बैल-सा आदमी, बदल गयी है चाल।
किश्तों की रस्सी गले, डाल हुआ बेहाल।।
5
रिश्ते अपने बीच में, कैसे बनें प्रगाढ़।
तू सूखा है जेठ-सा, मैं सावन की बाढ़।।
6
चलता है हर रोज ही, लूटपाट का खेल।
कोई लूटे आबरू, कोई लूटे मेल।।
7
कठिन चुनौती है मगर, उठा हाथ हथियार।
बाहर दुश्मन हैं खड़े, भीतर कुछ गद्दार।।
8
इतराना किस बात का, पूजा के हम फूल।
पल भर को माथे चढ़ें, मिल जायें फिर धूल।।
9
मनसा वाचा कर्मणा, भाँवर लीं थी सात।
जीने दो सुख चैन से, मत देखो अब जात।।
10
दीन-हीन पर आपको, आ जाता है क्रोध।
महाबली को देखकर, हाथ जोड़ अनुरोध।।
11
कैसा ये संयोग है, कैसा मन का भाव।
सहलाया तुमने वहीं, जहाँ बना था घाव।।
12
मरघट में जलती चिता, देती मौन सलाह।
जलकर कुछ मिलता नहीं, मत कर मानव डाह।।
13
कैसे छू लूँ ये बता, हवा नहीं अनुकूल।
माथे का तू है तिलक, मैं चरणों की धूल।।
14
पीपल जैसा प्रेम है, उगे फाड़ चट्टान।
किसके उर में कब उगे, कौन सका है जान।।
15
आँखें उसको ढूँढ़ती, हो जिसकी दरकार।
कौन भला ढूँढ़े मुझे, मैं कल का अ$खबार।।
16
शील नहीं यदि रूप में, कौन कहे नायाब।
शोभा पाता है कहाँ, बिन पानी तालाब।।
17
कितना भी ऊँचा उठें, रहें सदा शालीन।
आसमान हो हाथ में, पाँवों तले ज़मीन।।
18
संघर्षों का दौर है, होना नहीं हताश।
थाम हथौड़ा ज्ञान का, खुद को तनिक तराश।।
19
साहस की दिल में कमी, मंजि़ल हो कुछ दूर।
तब कहती है लोमड़ी, खट्टे हैं अंगूर।।
20
हुआ बैल-सा आदमी, बदल गई है चाल।
किश्तों की रस्सी गले, डाल हुआ बेहाल।।


मिथलेश वामनकर के दोहे

मिथलेश वामनकर के दोहे

लाख लिखो यशगान तुम, मर्यादा के नाम।
सिर्फ विभीषण खोजते, अक्सर देखे राम।।
2
लोग मिले निष्ठुर सदा, देव मिले पाषाण।
केवल भिक्षुक ही रहे, देवालय के प्राण।।
3
लेकर आया राजपथ, जाने कैसी छाँव।
जब-जब चलते हैं पथिक, तब-तब जलते पाँव।।
4
खुश थे रावण को सभी, अग्नि कूप में डाल।
ज़ख्म हरे ले जानकी, देख रही चौपाल।।
5
केसर से बारूद की, रह-रह आती गंध।
घाटी के बन्दूक से, ऐसे हैं अनुबंध।।
6
निश्चित मानो टूटना, तब प्यासे का ख्वाब।
जब सागर के वंशधर, बन जाएँ तालाब।।
7
भूख गरीबी के लिए, निश्चित किया किसान।
सोचो बाकी लोग हैं, कितने चतुर सुजान।।
8
फिर सत्ता के गीत में, खोये हैं मतिमंद।
बिखरे हैं फुटपाथ पर, लोकतंत्र के छंद।।
9
केवल देखे आपने, मेरे शब्द अधीर।
मैंने भोगी है मगर, अक्षर-अक्षर पीर।।
10
अब चिंतित बेचैन-सी, रहती सारी रात।
सीता ने जब से सुनी, रामराज की बात।।
11
कोई कहता पक्ष में, कोई कहे विरुद्ध।
कलयुग में उपलब्ध हैं, सबको अपने बुद्ध।।
12
आँखें ही बेशर्म तो, घूँघट से क्या आस।
नग्न मिला हर आदमी, पहने सभ्य लिबास।।
13
आई सत्ता की कलम, वर्तमान के पास।
बैठे-बैठे अब वही, बदल रहे इतिहास।।
14
दीपक के विश्वास को, आज अचानक तोड़।
देख हवा ने कर लिया, आँधी से गठजोड़।।
15
जहाँ धरा के वक्ष पर, जंगल हो आबाद।
बादल का होगा वहीं, वर्षा में अनुवाद।।
16
खलिहानो के प्रश्र पर, क्या दे खेत जवाब।
मंडी में बेसुध पड़े, पगडंडी के ख्वाब।।
17
सीख रहा हो जब हृदय, पत्थर से व्यवहार।
हँसना भी बेकार तब, रोना भी बेकार।।
18
बुझते चुल्हे से उठी, फिर झुग्गी में गंध।
फिर छप्पर ने कर लिया, वर्षा से अनुबंध।।
19
नार बनी है नीर से, या नारी से नीर।
बहते काजल ने लिखी, युगों-युगों की पीर।।



फणीन्द्र कुमार भगत के दोहे

फणीन्द्र कुमार भगत के दोहे

मुझे शत्रु का एक भी, चुभा नहीं था तीर।
खंज़र अपनों के मगर, गए कलेजा चीर।।
2
अपने कद से हैं बड़े, यूँ तो वृक्ष हजार।
लेकिन छायादार हैं, गिनती के दो चार।।
3
नौका जर्जर हो गई, टूट गई पतवार।
लगती है हर धार अब, मुझको तो मँझधार।।
4
उमरा बैठे हैं सभी, आज लगा चौपाल।
खोज रहे हैं लूट की, सारे मिल नव चाल।।
5
वैर भाव मन में पला, कलुषित हुए विचार।
मरहम विष लगने लगा, कैसे हो उपचार।।
6
गागर छलकी याद की, हुए नयन तट लाल।
पलको ने भी भीगकर, कहा हृदय का हाल।।
7
काँटों ने उलझा लिया, जब-तब रहे झँझोड़।
बिखरेगा गुल टूटकर, कहता यही निचोड़।।
8
सारी राहें बंद हैं, होता एक न काज।
मिली सजा की ही तरह, मुझे गरीबी आज।।
9
फूलों की मुस्कान पर, लगा रहे प्रतिबंध।
पंखुडिय़ों के लालची, जिन्हें न भाती गंध।।
10
कैसा है इन्सान का, यह निज से ही वैर।
कर बैठा है आज खुद, हर अपने को गैर।।
11
खुश था चंदा रात भर, मन में लिए उमंग।
भोर हुई तो चाँदनी, छोड़ गई सब संग।।
12
खाली बरतन और भी, लगने लगे उदास।
गुजरा जब आषाढ़-सा, सावन कर उपहास।।
13
पानी से सरकार के, जलने लगे चिराग।
फोहे केरोसीन के, बुझा रहे हैं आग।।
14
खुले द्वार दालान सब,मिट्टी की दीवार।
वक्त छीनकर ले गया, आपस का वह प्यार।।
15
चिंता करते लोग सब, बातें हर सरकार।
किस्मत मगर किसान की, लिखता सदा उधार।।
16
स्वप्न और सच्चाइयाँ जब हो जाएँ भिन्न।
तब होता है आदमी, हद से ज्यादा खिन्न।।
17
सावन ने नदियाँ भरी, कहीं तोड़ दी झील।
सींचे हैं बिन भेद के, बरगद और करील।।
18
नेह खत्म होने लगा, दिन-दिन घटती छाँव।
बहुत भुरभुरा हो गया, अब रिश्तों का गाँव।।
19
दीपक से भी आँधियाँ, छीन रही हैं नूर।
कैसे होगा रात का, यह अँधियारा दूर।।
20
मैं मानव ही था मगर, जग के पाल उसूल।
काँटे-सा सबको चुभा, क्या पत्ते क्या फूल।।

रमेश शर्मा के दोहे

रमेश शर्मा के दोहे

हुई कागजी योजना, कहाँ कभी साकार।
हुआ नहीं धनहीन का, इसीलिए उद्धार।।
2
कागज पर लिखना नहीं, राज एक भी यार।
कब हो जाए क्या पता, कागज भी गद्दार।।
3
दिखलाओगे जो उसे, वही दिखेगा चित्र।
दर्पण की औ$कात क्या, तुम्हें चिढ़ाए मित्र।।
4
अज्ञानी समझूँ उसे, या बोलूँ नादान।
खाकर ठोकर भी नहीं, सुधरे जो इन्सान।।
5
बँटवारे का हो गया, उनको जब आभास।
बरगद पीपल आम सब, रहने लगे उदास।।
6
बैठाता है नाव में, देता कभी उतार।
जाने कैसा हो गया, नाविक का किरदार।।
7
लहरें उठें दुलार की, सजे हृदय का गाँव।
आँगन में जब भी पडें़, बेटी के दो पाँव।।
8
दिल तोड़े जो आपका, नहीं करूँगा भूल।
मैंने तो तोड़ा नहीं, कभी शाख से फूल।।
9
चले नहीं कानून की, उन पर कभी कटार।
होते हैं जो जुर्म के, असली ठेकेदार।।
10
हो जाते हैं वाकई, सीने में तब छेद।
कोई घर का भेदिया, गैरों को दे भेद।।
11
करें काव्य की आड़ मे, औरों का अपमान।
पंडित वे साहित्य के, होते नहीं महान।।
12
एक छोर पर ख्वाहिशें, दूजे पर औ$कात।
जिनमें फँसकर रह गये, जन, जीवन, जज्बात।।
13
उल्टी-सीधी बेतुकी, अगर करेगा बात।
होना तेरा लाजमी, दुनिया में कुख्यात।।
14
चाहे तो जड़ लीजिए, सोने में श्रीमान।
दर्पण झूठ न बोलता, सच का करे बखान।।
15
सूरत से तासीर की, मुश्किल है पहचान।
मिश्री हो या फिटकरी, दिखतीं एक समान।।
16
औरों को ओछा समझ, निज को कहे महान।
पंडित के पांडित्य का, तब ही घटता मान।।
17
खाने लग जाये अगर, स्वयं फसल को बाड़।
होना है फिर तो वहाँ, निश्चित समझ उजाड़।।
18
खाया जिसने तामसी, जीवन भर आहार।
कैसे होंगे फिर बता, उसके शुद्व विचार।।
19
आते हैं इस देश में, जब भी पास चुनाव।
हिचकौले खाने लगे, सहिष्णुता की नाव।।







Tuesday, September 10, 2019

टीकम चन्दर ढोडरिया के दोहे

टीकम चन्दर ढोडरिया के दोहे

धर्म सत्य की है डगर, सद्गुण का आगार।
हम मूरख करने लगे, उसका ही व्यापार।।
2
बूँदे बरसी रात भर, उठी धरा से गंध।
हरियाएँ फिर से सखी, सुप्त हुए संबंध।।
3
सुबह हिलें इस द्वार पर, शाम हिलें उस द्वार।
आज काइयाँ दौर में, दुमें बनी हथियार।।
4
जाता हूँ जब-जब कभी, मैं पुरखों के गाँव।
लिपट-लिपट जाती सखे, माटी मेरे पाँव।।
5
आजादी का अर्थ हम, समझे नहीं हुज़ूर।
पहले भी मजदूर थे, अब भी हैं मजदूर।।
6
संसाधन लूटे सभी, लूटे पद सम्मान।
हमने अपने हित रचे, सारे नियम विधान।।
7
राजतंत्र से है बुरा, आज तंत्र का रूप।
दो कोड़ी के आदमी, बने फिरे हैं भूप।।
8
खेत बिके जंगल कटे, गयी नदी भी सूख।
गाँवों को नित डस रही, महानगरिया भूख।।
9
काँकड़ से पहुँची नज़र, ज्यों ही मेरे गाँव।
अगवानी को आ गयी, यादें नंगे पाँव।।
10
कभी किया विष-पान तो, कभी पिया मकरंद।
हर पल का लेता रहा, जीवन में आनंद।।
11
सच का मैंने सच लिखा, लिखा झूठ को झूठ।
राजाजी चाहे भले, जायें मुझ से रूठ।।
12
यादों से भीगे हुए, महके-महके राज।
बहा दिये मैंने सभी, $खत दरिया में आज।।
13
जाति मनुज की सब कहें, सबसे उत्तम खास।
उसने ही सबसे अधिक, किया धरा का नाश।।
14
माना होती है कला, ईश्वर का वरदान।
मिलता है पर अब कहाँ, कलाकार को मान।।
15
आँखों पर जाले नहीं, ना मन में है चोर।
कैसे कह दें रात को, बोलो उजली भोर।।
16
औरों की तो बात क्या, तन भी जाता छूट।
जाने है सब कुछ मनुज, फिर भी करता लूट।।
17
मेडें़ सिमटी खेत की, कुएँ हुए वीरान।
आबादी ने डस लिए, सभी खेत-खलिहान।।
18
टूटी हैं कसमें कहीं, किया किसी ने याद।
आयी फिर से हिचकियाँ, मुझको बरसों बाद।।
19
बाँच सको तो बाँच लो, उसके उर की पीर।
अश्कों से लिक्खी हुयी, गालों पर तहरीर।।
20
स्वेद बिंदुओं ने लिखी, पाषाणों पर पीर।
फुरसत हो तो बाँच लें, आओ यह तहरीर।।
21
रोता है पहले सखे, कवि उर सौ-सौ बार।
तब पीड़ा के छंद का, होता है शृंगार।।