विविधा

विविधा : हिंदी की साहित्यिक पत्रिका

Showing posts with label छंद. Show all posts
Showing posts with label छंद. Show all posts

Monday, October 28, 2019

चित्रा श्रीवास के दोहे

चित्रा श्रीवास के दोहे

मंदिर मस्जिद छोडक़र, करो ज्ञान की बात।
होती कोई है नहीं, मानवता की जात।।
2
चावल सब्जी दाल पर, महँगाई की मार।
कीमत सुरसा-सी बढ़ी, चुप बैठी सरकार।।
3
भेदभाव छल झूठ का, रचते माया जाल।
सत्ता सुख को भोगकर होते मालामाल।।
4
बाँट रहे हैं देश को, जाति-धर्म के नाम।
अपनी रोटी सेकना, नेताओं का काम।।
5
पीपल बरगद भी कटे, उजड़ गये हैं नीड़।
गौरैया बेचैन है, किसे सुनाये पीड़।।
6
फितरत सबकी एक-सी, किसको देवें वोट।
जन की आशा रौंदते, करते अक्सर चोट।।
7
जात-पात के भेद में, उलझ गया इंसान।
खून सभी का लाल है, कब समझे नादान।।
8
गुणवत्ता की आड़ में, निजीकरण का खेल।
सत्ता-साहूकार का, बड़ा अजब है मेल।।
9
उजले कपड़ों में मिलें, मन के काले लोग।
जनसेवा के नाम पर, करते सुख का भोग।।
10
अमरबेल से फैलते, कुछ परजीवी रोज
औरों का हक छीनकर, करते शाही भोज।।
11
रिश्ते-नातों से बड़ा, अब पैसा श्रीमान।
पैसे खातिर बेच दें, लोग यहाँ ईमान।।
12
बही बाढ़ में झोपड़ी, महल देखता मौन।
बेबस-बेघर की यहाँ, व्यथा सुनेगा कौन।।
13
बेटी तुलसी मंजरी, है पूजा का फूल।
हरी दूब की ओस है, सब खुशियों की मूल।।
14
दाँव-पेच से हिल गई, रिश्तों की बुनियाद।
जड़ें हुई हैं खोखली, तृष्णा से बर्बाद।।
15
बेटी मारें कोख में, देवी पूजें रोज।
मंदिर-मस्जिद घूमकर, करें देव की खोज।।
16
मनुज बड़ा है दोगला, अंदर-बाहर और।
करे दिखावा दान का, छीने मुँह का कौर।।
17
पाकर सत्ता सुन्दरी, फ़र्ज़ गये हैं भूल।
दोनों हाथों लूटते, छोड़े सभी उसूल।।

हरिओम श्रीवास्तव के दोहे

हरिओम श्रीवास्तव के दोहे

छलनी बोली सूप से, गुप्त रखूँगी भेद।
नहीं कहूँगी मैं कभी, तुझमें कितने छेद।।
2
पति-पत्नि संतान में, सिमट गया परिवार।
मात-पिता ऐसे हुए, ज्यों रद्दी अ$खबार।।
3
टप-टप टपकी रातभर, रमुआ की खपरैल।
बाढ़ बहाकर ले गई, बछड़ा बकरी बैल।।
4
जिसको जो मिलता नहीं, लगे उसे वह खास।
लगे निरर्थक वह सभी, जो है जिसके पास।।
5
सावन से बरसात का, टूट गया अनुबंध।
मेघों को भाती नहीं, अब सौंधी-सी गंध।।
6
जिसको मिल जाए जहाँ, जब भी अपना मोल।
आदर्शों की पोटली, देता है वह खोल।।
7
अपनी भूलों पर सभी, बनते कुशल वकील।
गलती हो जब और की, देते तनिक न ढील।।
8
लक्ष्य प्राप्ति उसको हुई, जिसने किया प्रयास।
प्यासे को जाना पड़े, स्वयं कुए के पास।।
9
जो भी आया है यहाँ, जाएगा हर हाल।
निकट निरंतर आ रहा, काल साल दर साल।।
10
रखना हो जब व्यक्ति को, अपना कोई पक्ष।
मंदबुद्धि भी उस समय, लगता है अति दक्ष।।
11
फैशन की इस देश में, ऐसी चली बयार।
महिलाओं को लग रहा, वस्त्रों का ही भार।।
12
करता है वनराज भी, उठकर स्वयं शिकार।
मृग खुद सोते सिंह का, बने नहीं आहार।।



आशा देशमुख के दोहे

आशा देशमुख के दोहे

इस दुनिया में हो रहा, लक्ष्मी का सम्मान।
विद्या है परिचारिका, चुप बैठे गुणवान।।
2
आडंबर को देखकर, मन हो जाता खिन्न।
लोग हुए हैं दोगले, कथनी करनी भिन्न।।
3
माटी छूटी गाँव की, छूट गया खलिहान।
ऐसी नगरी आ बसे, मुख देखे पहचान।।
4
आदिम युग की वापसी, पाया फैशन नाम।
खान-पान पशुवत हुआ, असुर सरीखे काम।।
5
राह तकें नदियाँ सभी, रख निर्जल उपवास।
कब बरसोगे मेघ तुम, बुझे सभी की प्यास।।
6
महलों की सब क्यारियाँ, हरी-भरी आबाद।
प्यासे हलधर कर रहे, सावन से फरियाद।।
7
दूध दही नवनीत से, पाषाणों का स्नान।
एक बूँद जल के लिए, तरस रहे इंसान।।
8
मौन हुई है साधना, मंत्र हुए वाचाल।
किया स्वेद से आचमन, पूजा हुई निहाल।।
9
कुछ कुत्तों के भोज में, शाही मटन पुलाव।
मरते मानव भूख से, झेलें नित्य अभाव।।
10
असुर सरीखा आचरण, पशुवत है व्यवहार।
मानव से अब साँप भी, माँगे ज़हर उधार।।
11
माया के परिवेश में, घटा ज्ञान का मान।
खड़ी हासिये पर कला, फैशन का अनुदान।।
12
रूढि़-रीति, विज्ञान में, छिड़ा हुआ है द्वंद।
अंध आस्था ने किये, प्रगति द्वार सब बंद।।

Sunday, September 22, 2019

सीमा पाण्डेय मिश्रा के दोहे

सीमा पाण्डेय मिश्रा के दोहे

सरस, सलीकेदार थे, जिन मंचों के कथ्य।
रूखे औ फूहड़ मिले, उनके ही नेपथ्य।।
2
सहमे जैसे नायिका, ऐसे डरे पगार।
महँगाई खलनायिका, खलनायक त्योहार।।
3
सागर के घर जा नदी, लगती है अनिकेत।
भीतर खारा जलमहल, बाहर सूखी रेत।।
4
धरती ऐसे सह रही, बारिश की बौछार।
जैसे बच्चा कर रहा, माँ पर नन्हे वार।।
5
भीख माँगते हाथ ही, हम क्या जानें पीर।
काँधे पर झोला नहीं, लटका हुआ ज़मीर।।
6
रही गरीबी छेंकती, जिनके ड्योढ़ी द्वार।
मुश्किल से आये कभी, उनके घर त्योहार।।
7
दूरी से ही जागते, मोह पाश के राग।
नजदीकी से चाँद में, दिखते काले दाग।।
8
गिरिवर की गोदी पली, नन्हीं पतली धार।
उद्गम का विश्वास है, नदिया का आधार।।
9
गहन प्रेम के भाव भी, नहीं चाँद का ज्ञात।
झाँक रहा है झील में, पर सूखा है गात।।
10
प्रेम सदा रहता नहीं, सदा रहे कब बैर।
लहर डुबो जाती वही, जो छूती है पैर।।
11
फूल सियासी हो गए, भँवरे हैं हैरान।
रंग चुनें अब कौन-सा, कहाँ करे मधुगान।।
12
लगातार संपर्क से, खोती मधुर सुगंध।
है दूरी और प्रेम में, सीधा सा संबंध।।
13
जिन शाखों ने ली तपिश, कर शीतलता दान।
उन शाखों को काटते, हत्यारे इंसान।।
14
याद पड़ा कुछ देर से, मेरे भी अरमान।
लेकिन तब तक हो गया, जीवन ही कुर्बान।।
15
रोटी के आकार से, कम वेतन का माप।
गरम तवे पर नीर के, छींटे बनते भाप।।
16
मैंने तो सींचा फ$कत, इक मुरझाया नीम।
दबे बीज भी हँस पड़े, क़ुदरत हुई करीम।।
17
चख पाते हम प्रेम का, अमरित स्वाद असीम।
उससे पहले चाट ली, घातक धर्म अफीम।।

Thursday, September 19, 2019

संजीव गौतम के दोहे

संजीव गौतम के दोहे

भीड़ धुआँ चुप्पी घुटन, गूँगे बहरे लोग।
कस्बों को भी हो गए, महानगर के रोग।।
2
नए दौर ने गढ़ लिए, अपने नये वसूल।
झूठों को सम्मान दे, सच की आँखों धूल।।
3
सावन सूखा माघ लू, जेठ मास बरसात।
क्या से क्या हैं हो गये, मौसम के हालात।।
4
सोने चाँदी-सी कभी, ताँबे जैसी धूप।
दिन भर घूमे गाँव में, बदल-बदल कर रूप।।
5
कल आँगन में रातभर, रोया बूढ़ा नीम।
दो हिस्सो में देखकर, घर आँगन तकसीम।।
6
एक हुए सब उस जगह, राजा रंक $फकीर।
जहाँ मृत्यु ने खींच दी, अपनी अमिट लकीर।।
7
सबको कमियाँ हैं पता, फिर भी हैं सब मौन।
केवल इतनी बात है, पहले बोले कौन।।
8
सब के सब बेकार हैं, ज्ञानी सिद्ध $फकीर।
खींच अगर पाये नहीं, कोई नयी लकीर।।
9
थोड़ा सा ईमान है, थोड़ी सी पहचान।
मुझमें जि़न्दा है अभी, थोड़ा सा इंसान।।
10
खूब खूब फूले फले, मज़हब के सरदार।
भोली जनता ही मरी, दंगों में हर बार।।
11
कल आँगन में रातभर, रोया बूढ़ा नीम।
दो हिस्सों में देखकर, घर-आँगन तकसीम।।
12
कुछ भी तो जानें नहीं, हम कविता के भेद।
उल्टे कर पढ़ते रहे, अपने-अपने वेद।।
13
बापू तेरे देश में, यह कैसा संयोग।
अंधों से बातें करें, गूँगे बहरे लोग।।
14
फूलों से तो प्यार कर, जड़ में म_ा डाल।
महानगर से सीख ले, कुछ तो मेरे लाल।।
15
थोड़ा-सा ईमान है, थोड़ी-सी पहचान।
मुझमें जि़न्दा है अभी, एक अदद इन्सान।।
16
बुरा वक्त क्या आ गया, बदले सबने रंग।
पत्ते भी जाने लगे, छोड़ पेड़ का संग।।