विविधा

विविधा : हिंदी की साहित्यिक पत्रिका

Saturday, July 22, 2023

धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव का राजनैतिक जीवन : एक रोचक कृति

"धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव का राजनैतिक जीवन" अहीरवाल में जन्में और दौसा में सेवारत श्री राजेन्द्र यादव 'आजाद' द्वारा सम्पादित और राइजिंग स्टार्स, दिल्ली द्वारा प्रकाशित 248 पृष्ठों की एक ऐसी कृति है जिसमें स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर उनके जानकारों, उनके सानिध्य में रहे लोगों और उनके प्रशंसकों द्वारा प्रकाश डाला गया है| इनमें कवि, शिक्षक, पत्रकार, राजनेता, डॉक्टर, वकील, इंजिनियर और सामान्यजन भी शामिल हैं| लेखक ने अधिकतर टिप्पणियाँ और आलेख सोशल मीडिया के माध्यम से संकलित किये हैं|
पुस्तक की शुरुआत कवि उदय प्रताप सिंह  की काव्यात्मक श्रद्धांजली से की गई है| इसके बाद धरतीपुत्र का जीवन परिचय, नेताजी का हिंदी के प्रचार-प्रसार में योगदान, पांच दशक का लम्बा सफ़र, शिक्षक से रक्षामंत्री तक का सफ़र आदि आलेख दिए गए हैं | 
संपादक राजेंद्र यादव ने मुलायम सिंह यादव के लगभग दो दर्जन किस्से स्वयं प्रस्तुत किये हैं, वहीं चन्द्र भूषण सिंह के हवाले से भी लगभग अढाई दर्ज़न नेताजी से जुडी बातों को स्थान दिया गया है| पुस्तक में लगभग 80 ऐसे लोगों के उद्गार भी शामिल किये गए हैं, जिन्होंने अपने निजी संस्मरण साझा किये हैं| इनमें पत्रकार राजीव रंजन, उर्मिलेश, वीर विनोद छाबड़ा, राजीव नयन बहुगुणा, योगेश यादव, हाफ़िज़ किदवई, समालोचक वीरेंदर यादव, केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, डॉ. लाल रत्नाकर, लक्ष्मी प्रताप सिंह, सत्येन्द्र पी एस, रामप्रकाश यादव, कर्नल शरद सहारण, आवेश तिवारी, प्रख्यात चिकित्सक डॉ ओमशंकर यादव और अन्य बहुत से नामचीन लोगों द्वारा लिखे गए प्रसंग प्रकाशित किये गए हैं| 
पुस्तक में नेताजी के देहावसान के समय आये कुछ शोक संदेशों को भी स्थान दिया गया है, जिनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व सांसद डॉ कर्णसिंह यादव, वेद प्रकाश मीना, राव बिजेंद्र सिंह (रानी की ड्योढ़ी), सोबरन सिंह, विजेंद्र सिंह मुंड, रमेश सिंह आदि के उदगार शामिल हैं| 
पुस्तक में जहाँ नेताजी मुलायम सिंह यादव के जीवन की तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध है, वहीं उनके द्वारा किये गए कार्यों का लाभार्थियों और प्रत्यक्ष्दार्शियों द्वारा उपलब्ध करवाया गया ब्यौरा भी उपलब्ध है| उनके जीवन के रोचक किस्सों ने पुस्तक को रोचक बना दिया है| पुस्तक में नेताजी के बहुत से छायाचित्रों को भी स्थान दिया गया है| जिनमें कहीं सेना के टैंक पर खड़े होकर सैनिकों से मिल रहे हैं तो कहीं चौधरी चरण सिंह और कासीराम जी के साथ नजर आ रहे हैं| कहीं परिवार के सदस्यों, कहीं अभिन्न मित्रों और कहीं राजनेताओं के साथ हैं| 
आवरण पर नेताजी का सुंदर रंगीन छायाचित्र पुस्तक को आकर्षक बना रहा है| राजेंद्र जी अगर थोड़ी मेहनत और कर लेते तो मुझे उम्मीद है, कुछ और अच्छे आलेख नेताजी के जानने वालों से मिल सकते थे और पुस्तक की सामग्री का और बेहतर वर्गीकरण किया जा सकता था| लेकिन वर्तमान स्वरुप में भी पुस्तक पठनीय और रोचक है| कैसे एक साधारण सा व्यक्ति धरतीपुत्र बन गया, यहाँ जानने के लिए यह पुस्तक पढ़ी जानी चाहिए|
इस श्रम साध्य कार्य के लिए राजेंद्र यादव 'आजाद' बधाई के पात्र हैं|  

No comments:

Post a Comment