विविधा

विविधा : हिंदी की साहित्यिक पत्रिका

Showing posts with label कृति चर्चा. Show all posts
Showing posts with label कृति चर्चा. Show all posts

Thursday, September 24, 2015

छोटी सीपियों के बड़े मोती : यतीन्द्रनाथ राही

    अभी पढ़ा है कृष्णलता यादव का लघुकथा संग्रह पतझड़ में मधुमास। सोचता हूँ जब अप संस्कृतियों की तेज हवाओं में साँझे परिवार पीले पत्तों की तरह टूट कर एकल परिवारों में बिखर रहे हों। न्याय-नीति-निष्ठा के टूटे डंठलों पर बैठे कुछ गीध चील कौवे, समय की खाल नोच रहे हों, तब एक प्रबुद्ध रचनाकार के सम्वेदनशील हृदय में, शांति-शुचिता और नैसर्गिक सौन्दर्य युक्त मधुमय बसंत के सुखद स्वप्र के अतिरिक्त और आएगा ही क्या?
    कृष्णलता यादव का पतझड़ में मधुमास इसी अवतरण की मोहक सृष्टि ही तो है, जो उनकी 90 लघुकथाओं के रूप में पल्लवित हो उठी है। इन कथाओं के दृश्य पटल पर पतझड़ का रूखा यथार्थ भी है और वसन्त के फू टते पीकों से उठती भीनी महक, नीड़ों में कुलबुलाती चहक, पंखों में कसमसाती उड़ान, संवादों की गुटरगूँ, चिन्तन की मौन गहराइयों, आदर्शों की ऊँचाइयों, धरती की कसक, रिश्तों की खनक, ममता के सागर, प्यार के निर्झर, सभी को बटोर कर, इन लघुकथाओं की छोटी-छोटी सीपियों के सम्पुट में बाँधकर रख दिया है लेखिका ने। इनमें करवटें लेता अतीत भी है और शोर मचाता वर्तमान भी परन्तु दोनों ही इस वसन्त के साथ एक रस हो गए हैं।
    मैंने इन सीपियों को खोला है, मोतियों का एक-एक दाना परखा है, तोला है। इनमें आव है, आकर्षण है, मूल्य है। लगता है उठाते चले जाओ, किन्तु रखूँ कहाँ? इतनी बड़ी डिबिया भी तो नहीं है मेरे पास कि सुरक्षित कर लूँ। बिखर भी कैसे जाने दूँ, सो कलम की नोक से पिरो लिया है इनको। कभी विपन्नता में काम आएँगे।
    कृष्णलता से मेरा परिचय तब हुआ जब उनकी छोटी मोटी 6 कृतियाँ प्रकाशित हो चुकी थीं और वे बाल साहित्यकार के रूप में अपना एक सम्माननीय स्थान बना चुकी थीं। उनकी प्रथम कृति जो मुझे पढऩे को मिली वह थी-'मन में खिला बसंतÓ (दोहा संग्रह) जिसमें मुझे वे दोहाचार्य कविवर रहीम के चिह्नों पर चलती नीति निर्देशिका  कवयित्री के रूप में दर्शित हुईं। मैंने उनकी एक सामान्य-सी समीक्षा भी लिखी और हम परिचित हो गए। उम्र के लिहाज से वे मेरी बेटी ही हैं, सो मैं उनका चाचाजी भी बन गया। हम एक दूसरे को पढऩे-समझने और सीखने भी लगे। कुछ ही दिनों बाद उनका व्यंग्य संग्रह फायदे गरीबी के आया और अब यह पतझड़ में मधुमास। इसी संग्रह के साथ उनके आगामी और शीघ्र प्रकाश्य गीत संग्रह के कुछ गीत भी पढऩे को मिले, जिनमें यथार्थ की पीठिका पर संवेदना के रचे कुछ सहज गीतों को पढक़र लगा कि बहुत शीघ्र ही नवगीतकार के रूप में भी वे अपना एक स्थान सुनिश्चित कर लेंगीं। वे अच्छी आलेखिका और समीक्षाकार भी हैं। उनकी समीक्षाएँ अक्सर प्रकाशित होती रहती हैं। मैं उनकी इस बहुमुखी प्रतिभा को नमन करता हूँ और आशान्वित हूँ कि सेवा-निवृति से प्राप्त इन मुक्त क्षणों से वे साहित्य सृजन में बहुत कुछ दे सकेंगी।
    जहाँ तक इन लघुकथाओं का संबंध है, ये कथाएँ जैसा मैंने महसूस किया है, कृष्णलता के जीवन के भोगे हुए सत्य हैं। कृष्णलता ने इन्हें जिया है तभी तो इनके रूपांकन इतने जीवन्त हैं। इनमें घर है, परिवार है, परिवेश है, समाज है, राष्ट्र है, जगत है, जिसमें घटित होती ये छोटी-छोटी घटनाएँ हैं जिनमें लेखिका दर्शक मात्र नहीं रही, स्वयं उतर आई है। वह लिख नहीं रही, घटनाएँ उससे लिखवा रही हैं।
    कथाएँ गल्प भी होती हैं। किसी सत्य, अद्र्ध सत्य या कल्पित सत्य के आधार पर कल्पना प्रसूत कथा से भी, उद्देश्य की पूर्ति की जा सकती है, किन्तु प्रभावकारी कथानक वही बन पाती हैं जिनमें विचार और संवेदन का जीवन्त समन्वय होता है। कोरे विचार को तो लेखिका ने भी फूटे ढोल कहा है। लेखिका के सभी कथानक ऐसे ही संवेदन प्लुत सत्य या अद्र्ध सत्य हैं, जिन्हें अपने ही आस-पास से उठाकर, संवेदन से सींचकर नैसर्गिक सत्य बना दिया है। और अब वे घटनाएँ हमें सबके घर-आँगन की धूल में, गली-चौपाल-चौबारों में खेलती, उछलती-मचलती मिलती, बतियाती हृदय में बस जाती हैं। साहित्य में साधारणीकरण की ऐसी शक्ति देखना सहज नहीं होता। यह कौशल इन लघुकथाओं में है। ये लघुकथाएँ टॉर्च लाईट नहीं, जुगनुओं के ऐसे नन्हें प्रकाश हैं, जो एक मोहक ललक देकर, दूर तक हमें अपने पीछे चले आने की विवशता दे जाते हैं। इनमें वह सब है, जो मानवीयता के लिए श्रेय भी है और प्रेय भी। कर्म-धर्म, प्यार, ममता, अधिकार, कर्तव्य, वर्ग-भेद, जीवनानुभूति, श्रम की साधना, पसीने की खुशबू, परिवार से लेकर समाज, राष्ट्र, विश्वबन्धुत्व और तेजी से फैलता हुआ बाज़ारवाद भी है इन लघुकथाओं में। परिवार में लेखिका अधिक रमी है। जिसमें उनके गहरे परम्परागत संस्कार प्रतिबिम्बित होते हैं। वह एकल परिवारों में विघटित होते संयुक्त परिवारों के दर्द जानती हैं। उसने लक्ष्मण रेखाओं में बंद वृद्धों को देखा है। वात्सल्य से वंचित खिलौनों और विलासितापूर्ण उपहारों में भटके बच्चों का दर्द जाना है। बहुओं को मिलती उपेक्षा और शोषण, रिश्तों के बीच उगती दूरियाँ, जि़न्दगी में पसरती रुक्षता उसने अनुभूत की है। इसलिए इनमें अनेक कथाएँ जैसे-कौन जाने, बड़े दिल वाली, रिश्तों के रंग, माँग पत्र, दृष्टिकोण, बुढ़ापे की लाज, शब्दों की धरोहर ऐसी ही लघुकथाएँ हैं, जिनके माध्यम से लेखिका सास-बहू, ननद-भाभी आदि परिवारजनों के बीच, रिश्तों के रंग भरती, स्नेह-सूत्र बुनती दृष्टिगत होती है। परन्तु ठोकर खाकर घूँघट की पनिहारिन को सास का स्नेह तो दिलवा देती है, घूँघट हटाने का साहस बहू में जागृत नहीं कर पायी, जिसकी ज़रूरत है। इन सारी कथाओं में परम्परागत स्नेह-सूत्रों को कसने का प्रयास तो है, परन्तु जाग्रत स्वाभिमान के साथ नारी की विश्वास भरी स्वतन्त्र आवाज़ के स्वर सुनाई नहीं दिए, जिसकी अपेक्षा एक प्रबुद्ध संवेदनशील लेखिका से की जानी चाहिए। शबनम जैसी लड़कियों के स्वर अकेले क्यों रह जाते हैं? अनीति का अन्त करने के लिए, मौन की नहीं विद्रोही स्वरों की आवश्यकता है।
    समाज के गरीब और विपन्न वर्ग पर किए कटाक्ष हिला देते हैं। जब पढ़ता हूँ-बच्चे नाचना भूल गए और बियर की खाली बोतलें बीनने लगे, भूख का भूगोल, असलियत, घेरे अपने-अपने, ऐसी ही कुछ लघुकथाएँ हैं जो हमें यह सोचने को विवश कर देती हैं कि भूख ही तो है जो व्यक्ति को पाप करने के लिए विवश करती है। जहाँ पेट खाली हो, वहाँ कैसी शिक्षा, कैसा विकास और कैसा धर्म? 
    मीता का टैंशन है कि महात्मा का प्रसाद वह अपने प्यारे टॉमी को नहीं खिला पायी, रूपाली को दाने चुगते कबूतरों की आँखों में उनके बच्चों की भूख दिखाई देती है। ऐसी कुछ कथाएँ हैं जो जीव जगत के प्रति ममता जाग्रत करने की प्रेरणा बन जाती हैं।
    हम कितना समय, शक्ति और धन तीर्थ यात्राओं के ढोंग और प्रदर्शन में तो व्यय कर देते हैं, घर में पड़े जीवन्त तीर्थ बुजुर्गों को बूँद पानी और भोजन के लिए तरसते देखते रहते हैं। कैसे तीर्थाटन?
    संस्कारों का क्षरण, अप संस्कृति का तीव्रता से प्रवेश। निरन्तर संकीर्ण होते हुए हमारे सोच, स्वार्थ और साधने के हर संभव भ्रष्ट उपाय, आदर्श वाक्यों के दुहरे अर्थ दर्शाती लघुकथाएँ निश्चित ही अप्रत्यक्ष रूप से ही सही, एक स्वस्थ दिशा देती हैं।
    ग्लोबलाइज़ेशन के नाम पर हम बसुधैवकुटुम्बकम की व्यापक परिधि तो नहीं छू पाए, वैसा प्रयास भी नहीं करते, हाँ अपने घर-गाँव शहर यहाँ तक कि देश भावना को भी अवश्य भूल गए हैं। सकल भूमि गोपाल की कह तो लेते हैं, उसका अर्थ तक नहीं जानते। अर्थ है तो सिर्फ अपना सोच, अपना हित।
    लेखिका हिन्दी की प्राध्यापिका रही हैं। एक अच्छे शिक्षक के रूप में अपने भाव और विचार अपने छात्रों को हृदयंगम करा सकने की कला उन्हें आती है। उन्होंने साहित्य साधना का प्रारम्भ भी बुनियादों को शिक्षित और संस्कारित करने से ही किया है। लम्बे व्याख्यान देने की अपेक्षा, मंत्र रूप में सूत्र वाक्यों में बात कहने की कला में वे पारंगत हैं। वही सब कुछ व्यक्त हुआ है इन लघुकथाओं में, जो समय सापेक्ष्य भी है और युग सापेक्ष्य भी।
    जीवन भले ही क्षण भंगुर और निरर्थक हो, पर कथा उसे सार्थक शाश्वत करने की क्षमता रखती है। कृष्णलता कथा की गल्पता में नहीं, सार्थक सृजन में विश्वास करती हैं। साहित्य समाज का दर्पण भी है और दिशा-दर्शक, निर्मायक भी। कभी-कभी जब कोई सत् साहित्य, निर्देशक होता हुआ निर्मायक का गौरव प्राप्त कर लेता है तब वह कालातीत और अमर हो जाता है। उस दिशा में लेखिका का यह अति लघु प्रयास, मूल्य तो अवश्य रखता है। मुझे विश्वास है कि लघुकथा साहित्य में कृष्णलता की ये कथाएँ समादरित होंगी।
    इन कथाओं की भाषा प्रांजल और पात्रानुकूल है। संवादों में क्षिप्रता, कथा सूत्रों की बुनावट चातुरी पूर्ण है। विशेष बात यह है कि हरियाणा में जन्मी पली बढ़ी होने पर भी उनकी खड़ी बोली विशुद्ध है। कहीं कोई शब्द आ भी गया है तो दूध में मिश्री-सा घुल गया है।
बधाई! शुभकामनाएँ और अपेक्षाओं की सम्पूर्ति हेतु आशीष।                      
                                                                                                    -यतीन्द्रनाथ राही
                                                                                                     भोपाल 462026
पुस्तक - पतझड़ में मधुमास
लेखिका -कृष्णलता यादव
प्रकाशक -अयन प्रकाशन, महरौली
पृष्ठ संख्या -104  मूल्य -220  रुपये

Thursday, August 13, 2015

संवेदनाओं का विस्तार करता लघुकथा संग्रह : प्रतिबिम्ब

आधुनिक परिवेश और प्रकृति की उपज है - लघुकथा। लघुकथा की परिभाषा इसके नाम में ही शामिल है। यह सीमित आकार वाली वह कथात्मक रचना है जो द्वन्द्वमूलक नाटकीय प्रसंग विधान के माध्यम से विकृति पर प्रहार करके पाठकों को सही सांस्कृतिक दिशा में सोचने को प्रेरित करती है। लघुकथा की आकारगत लघुता उसे कलात्मक कसाव प्रदान करती है। साथ ही पाठक की संवेदनशीलता जगाकर मन की ऋतु का परिवर्तन कर सकती है। कहते हैं, लघुकथा लेखन गागर में सागर भरने जैसा है। बात ठीक है, परन्तु यह ध्यान रखना भी ज़रूरी है कि सागर में कई विषैले जीव-जन्तु भी रहते हैं। इन सबको एक साथ भर लेने से गागरी फूटने का डर रहता है।

'प्रतिबिम्ब' की लघुकथाओं से गुजरते हुए पाया कि इन कथाओं में संवेदना व शिल्प का सुखद संयोजन है। लेखक के व्यक्तित्व में भावना व चिंतना का मनोहर सामन्जस्य दिखाई देता है। मूल्यों के विघटन की स्थिति में वह चिंतन में लीन हो जाता है तो पीडक़ प्रसंगों में भावुक हो जाता है। इन लघुकथाओं में स्वार्थ की नागिनें फुफकारती हैं तो परमार्थ के हिंडोले भी हैं।
भयावह स्थितियों के पीछे की मानसिकता को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत करने वाली रचनाएं किसे अच्छी नहीं लगेंगी? लघुकथा में हल्के व्यंग्य तथा मजबूत अस्वीकृति के साथ वक्रीय आक्रोश हो तो बड़ी बात होती है। इस दृष्टि से, नरेन्द्र गौड़ की लेखनी से निसृत करारे व्यंग्य से न शिक्षक बच पाया है, न पुलिस वाला, न दौलतमन्द, न राजनीतिज्ञ, न साहित्यकार और न ही मीडियामैन। यानि जो जैसा है, उसका बखान भी वैसा ही है।
अनेक लघुकथाओं में पैसा फेंक तमाशा देखने वाले, पैसे के लिए रिश्ते भुलाने वाले बहुतायत में हैं। साथ ही, पैसे को ढलती-फिरती माया की संज्ञा देकर इसके गुमान में न रहने वाले चरित्र भी हैं जो पाठक को सुकून प्रदान करते हैं। कई लघुकथाएं 'चलो गांव की ओर' का शंखनाद करती हैं। इससे सिद्ध होता है कि ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े और शहर की आधुनिकता के अंग-संग रह रहे लेखक ने गांव के जीवन को भली प्रकार जिया है, इसलिए उसे पूरी धज के साथ उपस्थित किया है।
'राक्षस और देवता' लघुकथा शिल्प की दृष्टि से अनूठी बन पड़ी है वहीं कथ्य की दृष्टि से 'भात', 'सुरक्षा गार्ड' आदि सशक्त रचनाएं हैं। 'यशोदा' एक मार्मिक रचना है जिसके ये शब्द देर तक कानों में गूंजते रहते हैं, 'इस बच्चे को जन्म चाहे किसी ने भी दिया हो किन्तु इसको गोद में खिलाने, नहलाने-धुलाने का सुख मैं लूंगी।' 'प्रतिबिम्ब' शीर्षक वाली लघुकथा मनोजगत् की प्रतिनिधि लघुकथा है जिसका कथानायक, अपना हो या गैर, हर किसी को बुराई की दलदल से बचाना चाहता है। 'मर गई संवेदनाएं' करारा तमाचा है उन स्वपोषी ताकतों पर जिन्हें अपने से आगे कुछ दिखाई नहीं देता।
'मां अभी जिन्दा है', अति भावपूर्ण रचना में दर्शाया है कि सारे रिश्ते एक तरफ, मां का रिश्ता दूसरी तरफ रखें तो मां का ही पलड़ा भारी रहता है। इन लघुकथाओं के विषय घर-परिवार की टोह लेते हुए, समाज व राजनीति की पगडंडियां फलांगते हुए विश्वग्राम तक पहुंचते हैं। अनुभूति के फलक से उतरे इन विषयों में पीढिय़ों का अन्तराल, भौतिकता की अंधी दौड़, रूढिय़ां-विश्वास, परम्पराएं, बालमन की सरलता, लोक दिखावा, सामाजिक विषमता, चरित्र का दोगलापन, बुजुर्गों की उपेक्षा,मूल्यों का अपघटन, व्यवहारगत छलावा, असीमित अपेक्षाएं आदि शामिल हैं। इसके साथ ही मानव मन की उदारता, सरलता, सादगी, त्याग, कर्तव्यपरायणता और संवेदनाओं के विस्तार का उजला अध्याय प्रस्तुत करती हैं। कितनी ही ऐसी लघुकथाएं हैं जिनमें पात्र तो आंसू पौंछते ही हैं, पाठक भी स्वयं को उसी धार मेंं पाता है।
संग्रह की भाषा सहज है। लेखक ने संवाद शैली व कहीं-कहीं वर्णनात्मक शैली अपनाई है। प्रश्रात्मक शैली भी है जिसने पाठक को सोचने को मजबूर किया है। चित्रात्मकता इन कथाओं का विशेष गुण है। आवरण कलात्मक व अर्थपूर्ण है। कुछ लघुकथाओं के शीर्षक कथ्य से मेल नहीं खाते। यहां और मन्थन किया जाना चाहिए था। कहीं-कहीं पात्रों की आयु का जिक्र अनावश्यक रहा है। कुछ एक लघुकथाओं के अंत में एक दो पंक्तियां फालतू-सी लगती हैं। कुल मिलाकर लघुकथाएं पाठक के मनोजगत् पर छाप छोड़ती हैं। लेखक को साधुवाद। 
 
-कृष्णलता यादव,गुरुग्राम - 122001
 
पुस्तक: प्रतिबिम्ब, लेखक: नरेन्द्र कुमार गौड़
प्रकाशन: सूर्यभारती प्रकाशन, दिल्ली
मूल्य: 150 रू, पृष्ठ: 96, संस्करण: 2012 

Saturday, August 8, 2015

एक प्रेरणादायक बाल-कृति : मुस्काता चल

कृष्णलता यादव एक सुपरिचित कथा लेखिका हैं। अब तक इनके तीन लघुकथा संग्रह-अमूल्य धरोहर, भोर होने तक तथा चेतना के रंग के अतिरिक्त एक बाल कथा संग्रह-दोस्ती की मिसाल तथा एक बाल कविता संग्रह-मीठे बोल भी प्रकाशित हो चुके हैं। समय-समय पर इनकी रचनाएँ पत्र-पत्रिकाओं के माध्यम से पाठकों के समक्ष प्रस्तुत होती रही हैं। मुस्काता चल कृष्णलता यादव का नवीनतम बाल कविता संग्रह है।
मुस्काता चल की सभी 26 बाल कविताओं में विषय वैविध्य के अनुसार निम्रप्रकार से वर्गीकरण किया जा सकता है-प्रेरणाप्रद, शिक्षाप्रद, जीव-जन्तुओं संबंधी, रिश्ते-नातों पर आधारित एवं पर्व-त्यौहारों की बाल कविताएँ।
प्रेरणाप्रद कविताओं में मुस्काता चल, हुनर बच्चों के,करवट बदली, सपनों का उपहार दें, नूतन पथ का सेनानी, सीमा के सिपाही तथा चींटी से सीख प्रमुख हैं। सपनों का उपहार दें की पंक्तियाँ दृष्टव्य हैं-
हर बालक बाला के मुख पर
गौरवमयी मुस्कान है।
आशा की यह किरण सुनहरी
धीर-वीर बलवान है।।
शिक्षाप्रद कविताओं के शीर्षक हैं-कमाना सीख, सबकी छिपी भलाई, बनूं नहीं हलवाई, सबकी अपनी बोली, बचत का पाठ, छतरी, सूरज दादा, मिट्टी की महिमा तथा खूब सुहाना कल। छतरी की पंक्तियाँ देखिए-
धूप चढ़ी तब तानी छतरी।
कब करती मनमानी छतरी।।
तपन सहे औरों की खातिर।
देखो कितनी दानी छतरी।।
कुछ कविताओं में जीव-जन्तुओं को माध्यम बनाया गया है। जिनके उदाहरण हैं-मच्छर, हठीला तोता, मधुमक्खी, ओ रे कागा, आ री चिडिय़ा। ओ रे कागा की पंक्तियाँ-
ओ रे कागा मुझे बताओ
क्यों है तेरी कड़वी बोली?
क्या तुमको अच्छी न लगती
कभी-कभी की हँसी-ठिठोली।।
नानी जी, कह दो मुझे कहानी, समझदारी, रिश्ते-नातों पर आधारित कविताएँ हैं। कह दो मुझे कहानी की कुछ पंक्तियाँ देखिए-
नानी जी ओ नानी जी,
कह दो मुझे कहानी जी।
राजा की या रानी की,
धूप, हवा और पानी की।।
पर्व-त्यौहारों के अन्तर्गत होली पर एक कविता है-होली आई।
इसी प्रकार संग्रह में कुछ कविताएँ कथात्मक शैली में हैं। कविताओं की भाषा सरल, सहज एवं बोधगम्य है। बच्चे खेल-खेल में इन्हें कण्ठस्थ कर सकते हैं। चित्रांकन से कृति की सार्थकता बढ़ गई है।

- घमंडीलाल अग्रवाल

पतझड़ में मधुमास की तरह



लघुकथाकारों में कृष्णलता यादव एक चिरपरिचित नाम है और इसकी साक्षी हैं उनके द्वारा लिखी गई अनगिनत लघुकथाएं। हालिया प्रकाशित चौथा लघुकथा-संग्रह ‘पतझड़ में मधुमास’ में संकलित लघुकथाओं में आम जीवन से जुड़ा लगभग हर पक्ष अपनी विसंगतियों के साथ-साथ आशा व सकारात्मकता के साथ उपस्थित है। लेखिका में क्षणों को पकड़कर उसकी समीक्षा करनेवाली संवेदनशीलता है जो इन लघुकथाओं में स्पष्ट रूप से उभरती दिखती है। आधुनिकता ने हमारे जीवन और इसकी पद्धति को कहां तक प्रभावित कर डाला है, उसके सशक्त उदाहरण मिलते हैं, ‘पैकेज’, ‘हाइटेक’, ‘ग्लोबलाइजेशन’, ‘घेरे अपने-अपने’ और ‘ममता’ प्रभृति लघुकथाओं में। उदाहरण के लिए ‘आधुनिकता का रंग’ को ले सकते हैं जिसमें शराब पीकर सड़क पर बेसुध पड़े बेटे के बारे में जब हेड कांस्टेबल उसके पिता को फोन पर सूचित करता है तो पिता प्रत्युत्तर में कहता है—‘अजी साहब, यही उम्र है लाइफ को इंज्वाय करने की।’
बच्चों के प्रति संवेदनशीलता के साथ-साथ कृष्णलता महिलाओं और बुजुर्गों की मनःस्थिति पर सूक्ष्म पकड़ रखती हैं। ‘नेह का बंधन’, ‘सयानपत’, ‘बहिष्कार’, ‘समय का दस्तूर’, ‘सोच’, ‘कुशंका’, ‘यही सच है’, ‘अनमोल खजाना’, ‘कथनी’, ‘अमृतकण’, विश्वास-अविश्वास’, ‘पर-उपदेश’, ‘बुढ़ापे की लाज’ सरीखी लघुकथाएं वयोवृद्धों के मन का विभिन्न कोणों से पड़ताल करती हैं। ‘सोच’ की अंतिम पंक्तियां—‘बहन, तुम-सी भाग्यशाली कोई नहीं। तुम जी-जान से नब्बेसाला सास की सेवा करके, घर बैठी पुण्य कमा रही हो। क्या इससे बड़ा कोई तीर्थ हो सकता है?’ महिला की स्वस्थ चिंतनधारा को इंगित करती हैं। वहीं दूसरी ओर ‘कड़वा सच’ नारी-मन की एक स्वार्थपरक छवि को केंद्रित करने में सार्थक रही है। इसी तरह ‘आक्रोश‘ में शोषण के विरुद्ध महिलाओं का संगठन एक आदर्श विद्रोह के रूप में परिलक्षित हुआ है। समाज और परिवार से जुड़े प्रसंग संग्रह की संस्कारगत विशिष्टताएं हैं। बेटी-बेटे का फर्क की मानसिकता ‘कामकाजी का जन्म’, ‘बेटे का धन’ आदि में बखूबी हुआ है। संग्रह की कुछेक लघुकथाओं के थीम पर पहले भी कई लघुकथाएं लिखी जा चुकी हैं। उदाहरणार्थ ‘दिल के अरमां’ और ‘अपनी अपनी मदिरा’ थीम पर वरिष्ठ लघुकथाकार उम्दा लघुकथाएं दे चुके हैं। उनसे तुलना कर अपनी लेखनी क्षमता का लघुकथाकार स्वयं भलीभांति मूल्यांकन कर सकती हैं। बहरहाल लघुकथाओं में सपाटबयानी से बचने का जितना भी प्रयत्न किया जाएगा, रचना उतनी ही सार्थक व परिपक्व बनकर उभरेगी। एक ही थीम पर कुछ अलग-सी लिखी गई लघुकथा का असर कहीं अधिक होता है। और सब कुछ कहने के बजाय लघुकथा स्वयं कहे तो उसकी संप्रेषण-क्षमता कुछ अधिक बढ़ जाती है। संक्षेप में कहा जाय तो कृष्णलता की ये लघुकथाएं सचमुच पतझड़ में मधुमास की ही तरह हैं जो आश्वस्त करती हैं।

-रतन चंद ‘रत्नेश’

0पुस्तक : पतझड़ में मधुमास 
0लेखिका : कृष्णलता यादव 
0प्रकाशक : अयन प्रकाशन, नई दिल्ली
0पृष्ठ संख्या : 90 0मूल्य : रुपये 220.
देनिक ट्रिब्यून से साभार

जिन्दगी की डाल से तोड़े गये- ‘नागफनी के फूल’

रघुविन्द्र यादव बहुमुखी प्रतिभा के धनी संवेदनशील रचनाधर्मी हैं। आलोक प्रकाशन, नीरपुर, नारनौल से सद्य प्रकाशित 80 पृष्ठीय ‘नागफनी के फूल’ उनके 25 शीर्षकों में बंटे 424 दोहों का मनभावन संग्रह है। इसमें सरल भाषा में लिखे गये दोहों में जीवन, राजनीति, यथार्थ, जीवन की विसंगतियों, मूल्यहीनता, भ्रष्ट व्यवस्था, आतंकवाद, गाँव की बदलती हालत, पर्यावरण प्रदूषण, रिश्तों में फैलती स्वार्थपरता, संबंधों की मृदुता, हिन्दी की महत्ता आदि अनेक विषयों पर प्रभावी दोहे अनुस्यूत हैं। इन दोहों में मिथकों का नवीनीकरण करते हुए यथार्थ को वाणी दी गई है और सरल प्रतीकों से जीवन के सत्य को रुपापित किया गया है। इनका संवेदना-संसार व्यापक है। वे व्यक्ति से लेकर विश्व और अंतरिक्ष तक को अपना कथ्य बनाते हैं। भाषा पर कवि का अधिकार है और समन्वय का परिपालन करते हुए दोहाकार ने परिमार्जित शब्दावली से लेकर विदेशी और देशज शब्दों का खुलकर प्रयोग किया है। लोक-संस्कृति और लोक-जीवन के प्रति कवि का गहरा अनुराग है। इसीलिए तो शहर की जिन्दगी उसे ‘घर में ही वनवास’ भोगने जैसी लगती है। सांस्कृतिक मूल्यों के क्षरण से कवि आहत है, इसीलिए उसे लगता है कि अब ‘लोग नागों से भी अधिक विषैले हो गए हैं’, ‘आँगन में नागफनी’ उग आई हैं, चीखती द्रौपदी की लाज बचाने वाला कोई नहीं क्योंकि आज के केशव स्वंय गुण्डों से मिल गए हैं, नेता और दलाल देश को लूट कर खा रहे हैं और हमारी संवेदनाएं सूख गई हैं। धारदार भाषा में जीवन के जटिल यथार्थ को प्रकट करने की कवि की क्षमता प्रसंशनीय है। महिलाओं पर होने वाले अत्याचार और पुलिस के खौ$फनाक भक्षक चेहरे को उजागर करते हुए जब यादव जी कहते हैं- 
संसद में होती रही, महिला हित की बात।
थाने में लुटती रही, इज्जत सारी रात।।
तो आज का नंगा यथार्थ अपने विद्रूपित चेहरे के साथ सामने आ जाता है। इसी तरह जब वे आज की व्यवस्था के षडय़ंत्रकारी शोषक चेहरे को निरावृत्त करते हुए कहते हैं-
हत्या, डाका, रहजनी, घूस और व्यभिचार।
नेता करने लग गये, लाशों का व्यापार।।
तो आज की राजनीति का सच सामने आ जाता है। भू्रणहत्या जैसे दुर्दान्त पाप हों, या प्रकृति का अनियन्त्रित और अंधाधुंध दोहन, नेताओं की धूर्तता हो या पुलिस का अत्याचार, आज की पीढ़ी में पनपती अनास्था हो या पारिवारिक मूल्यों का क्षरण, फैलते बाजारवाद का दुर्दान्त चेहरा हो गया वैश्वीकरण के अंतहीन दुष्परिणाम, कवियों की गिरती छवि हो या पत्रकारिता का थ्रिल तलाशता बाजारी चेहरा, महँगाई की मार से बेदम हुआ अवाम हो या संबंधों में पनपी स्वार्थपरता, मूल्यों की टूटन हो या संस्कृति का क्षरण यादव जी सच को सच की भाषा में उकेरना जानते हैं। वे आज की समस्याओं और प्रश्रों से सीधे-सीधे मुठभेड़ करते हैं। यथार्थ जीवन की विकृतियों और दुर्दान्तताओं पर सीधे-सीधे चोट करते कुछ दोहे दृष्टव्य हैं-
विद्वानों पर पड़ रहे, भारी बेईमान।
हंसों के दरबार में, कौवे दें व्याख्यान।।
* * *
दो रोटी के वास्ते, मरता था जो रोज।
मरने पर उसके हुआ, देशी घी का भोज।।
* * *
जब से उनको मिल गई, झंडी वाली कार।
गुण्डे सारे हो गये, नेताजी के यार।।
* * *
नफरत बढ़ती जा रही, घटा आपसी प्यार।
जब से पहुँचा गाँव में, केबल का व्यापार।।
* * *
नारी थी नारायणी, बनी आज उत्पाद।
लाज-शर्म को त्याग कर, करे अर्थ को याद।।
इन दोहों की धार बड़ी तीखी है। भाषा के संबंध में कवि अत्यंत उदारवादी है। उसने एक ओर ख्वाहिश, उसूल, अदब, गिरवी, ज़लसे, तमन्ना, रहबर, राहजनी, अवाम तथा शान जैसे उर्दू फारसी शब्दों का प्रयोग किया है तो केबल टी.वी.जैसे अंग्रेजी शब्द भी इनमें उपलब्ध हैं। कुछ शब्दों को कवि ने देशज शैली में भी प्रयुक्त किया है, यथा मन्तरी, डूबन आदि। मिथकों का प्रयोग अत्यंत शानदार है। द्रौपदी, कृष्ण, देवकी, केशव आदि का प्रयोग करके कवि ने अभिव्यक्ति को दमदार बनाया है परन्तु यथार्थ की ऐसी दमदार अभिव्यक्ति वाले कुछ दोहों में भी कहीं-कहीं संरचनात्मक त्रुटियाँ रह गयीं हैं, परन्तु ये दोष अपवाद स्वरूप हैं, अन्यथा ये दोहे निर्दोष हैं। हमारा विश्वास है कि ‘‘नागफनी के फूल’’ के ये दोहे साहित्य जगत में सम्मान पायेंगे। 

-डॉ.रामसनेही लाल शर्मा ‘यायावर’ 

डी.लिट.
86, तिलकनगर, बाईपास रोड़, फीरोजाबाद (उत्तर प्रदेश)-283203 


बात तो बोलेगी

बात बोलेगी मुरादाबाद के चर्चित रचनाकार श्री योगेन्द्र वर्मा व्योम की सद्य प्रकाशित कृति है। जिसे गुँजन प्रकाशन, मुरादाबाद ने प्रकाशित किया है। इस कृति में देश के पन्द्रह प्रसिद्ध गीत/नवगीतकारों और शायरों के साक्षात्कार प्रस्तुत किए गए हैं। जिनमें डॉ.शिवबहादुर सिंह भदौरिया, श्री ब्रजभूषण सिंह गौतम अनुराग, श्री देवेन्द्र शर्मा इन्द्र, श्री सत्यनारायण, श्री अवधबिहारी श्रीवास्तव, श्री शचीन्द्र भटनागर, डॉ.माहेश्वर तिवारी, श्री मधुकर अष्ठाना, श्री मयंक श्रीवास्तव, डॉ.कुँवर बेचैन, श्री ज़हीर कुरैशी, डॉ.ओमप्रकाश सिंह, डॉ.राजेन्द्र गौतम, श्री आनन्दकुमार गौरव और डॉ.कृष्णकुमार राज शामिल हैं।
साक्षात्कार का सबसे महत्वपूर्ण पहलु है कि साक्षात्कार करने वाले को खुद इस बात का पूरी तरह से ज्ञान होना चाहिए कि वह सामने वाले से क्या जानना चाहता है और इसी आधार पर प्रश्रोत्तरी तैयार की जानी चाहिए। श्री योगेन्द्र व्योम ने यह कार्य पूरी दक्षता के साथ किया है। उन्होंने ने न सिर्फ देश के वरिष्ठ रचनाकारों से उनके साहित्य के संदर्भ में चर्चा की है अपितु गीत-नवगीत और $गज़ल की दशा और दिशा के बारे में भी महत्त्वपूर्ण सवाल किए हैं। वरिष्ठ रचनाकारों के साथ की गई चर्चा नये कलमकारों के पथ-प्रदर्शक का काम करेगी। नये रचनाकार और पाठक जान सकेंगे कि गीत और नवगीत में क्या अंतर है, $गज़ल और गीत-नवगीत में क्या अंतर है और इनके सृजन के लिए क्या-क्या बातें ध्यान में रखना जरूरी है कि साहित्य टिकाऊ बने।
गीत-नवगीत के भविष्य के प्रति पुरानी पीढ़ी की सोच क्या है और वे किस हद तक आश्वस्त हैं, शायर गीत के साथ और गीतकार गज़ल के साथ न्याय कर रहे हैं या नहीं, गीत के कथ्य में क्या परिवर्तन आया है, नवगीत के समक्ष क्या चुनौतियाँ हैं, हिन्दी $गज़ल को कहाँ तक सफलता मिली है आदि सवालों के जवाब श्री व्योम ने उन रचनाकारों से पूछे हैं जिनका इन विधाओं को बुलंदियों पर ले जाने में अहम योगदान है।
बात बोलेगी के माध्यम से केवल गीत और गज़ल की ही जानकारी पाठकों को नहीं मिलेगी बल्कि वरिष्ठ रचनाकारों के व्यक्तित्व और कृतित्व से भी पाठक रूबरू हो सकेंगे। अगर यह कहा जाए कि कृति हर लिहाज से एक एतिहासिक दस्तावेज बन गई है तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। आकर्षक आवरण, सुन्दर और शुद्ध छपाई वाली इस 208 पृष्ठ वाली कृति का मूल्य 300 रुपये वाजिब ही कहा जाएगा। कृति पठनीय है और व्योम जी बधाई के पात्र।

-रघुविन्द्र यादव 

समय से संवाद करते मुक्तकों का संग्रह : आँसू का अनुवाद

काव्य के विषयगत दो भेद होते हैं-प्रबंध काव्य और मुक्तक काव्य। प्रबंध काव्य में विषय विशेष को छंदोबद्ध कविता के रूप में प्रस्तुत किया जाता है, जबकि मुक्तक काव्य की विषय सामग्री स्वतंत्र होती है और चार सममात्रिक पंक्तियों में ही स्वतंत्र भाव अथवा विचार को किसी छंद में प्रस्तुत करती है। मुक्तक काव्य में छंद विशेष की बाध्यता नहीं होती और यह किसी भी छंद में लिखा जा सकता है, मगर जिस भी छंद का चुनाव किया जाये उसका निर्वाह किया जाना अपेक्षित है। सामान्यत: मुक्तक में चार सममात्रिक पंक्तियाँ होती हैं। जिसकी पहली, दूसरी और चौथी पंक्ति में तुकान्त या समान्त होता है, जबकि तीसरी पंक्ति में तुकान्त/समान्त होता भी है और नहीं भी, लेकिन कथ्य का उद्वेग अवश्य होता है। आपाधापी के इस दौर में लोगों के पास लम्बी कविताओं को पढऩे का वक्त नहीं है इसलिए दोहे की तरह मुक्तक भी लोकप्रिय होते जा रहे हैं।
बाल साहित्यकार के रूप में राष्ट्रीय स्तर ख्याति पाने वाले कवि घमंडीलाल अग्रवाल छंदोबद्ध कविता के सशक्त हस्ताक्षर हैं। अब तक बाल साहित्य की 37 पुस्तकों सहित उनकी कुल 42 कृतियाँ प्रकाशित हो चुकी हैं। जिनमें उनके तीन गीत संग्रह-'नेह की परछाइयाँ', 'आस्था का सूरज', 'चाँदनी की व्यथा', दो $गज़ल संग्रह-'सन्नाटा बुनते दिन' और 'गणित बनती जिन्दगी' व एक दोहा संग्रह- 'चुप्पी की पाजेब' शामिल हैं। वे पिछले 40 वर्षों से निरन्तर साहित्य साधना में लगे हुए हैं। 'आँसू का अनुवाद' उनके चार सौ मुक्तकों का सद्य प्रकाशित संग्रह है। जिसमें उन्होंने सरल और सहज भाषा में सामाजिक विसंगतियों, राजनीति के उतार-चढ़ाव, जीवन-यथार्थ, मूल्यहीनता, भ्रष्ट व्यवस्था, आतंकवाद, गाँवों की दुर्दशा, पर्यावरण हा्रस, कलुषित प्रेम, स्वार्थपरता, संबंधों की मृदुता, हिन्दी की महत्ता, लचर न्याय व्यवस्था, बेटियों की महत्ता, पाश्चात्य संस्कृति आदि पर प्रभावी और धारदार मुक्तक लिखे हैं। इन मुक्तकों में छंदों का पूर्ण निर्वाह किया गया है वहीं अलंकार और बिंब योजना से सजे ये मुक्तक कथ्य और शिल्प की कसौटी पर भी खरे हैं। कवि चाहता है कि समाज में समरसता रहे, लोगों की सोच सकारात्मक हो, सभ्यता और संस्कृति का सम्मान हो, रिश्तों में स्वार्थ न आये, नारी को सम्मान मिले, पर्यावरण का संरक्षण हो, मगर उसका कोमल मन मूल्यहीनता, भ्रष्टाचार, आतंकवाद और सामाजिक विसंगतियों से आहत होता है।
आज की पीढ़ी जिस तरह बुजर्गों और माता-पिता की उपेक्षा कर रही है, उससे कवि का संवेदनशील हृदय आहत है। कवि की नजर में असली देव माँ-बाप ही हैं -
वृद्ध माता-पिता तो ताले हैं,
घरों के वास्ते उजाले हैं,
सदा ही आस्था इनमें रखिए-
मस्जिदें ये हैं, ये शिवाले हैं।
लोकराज लोकलाज से चलता है, मगर अब राजनीति से नीति और लोकतन्त्र से लोक गायब हो चुके हैं। इसलिए अब लोक-कल्याण की बात बेमानी लगती है-
नीति अब राजनीति से गायब,
रीति अब राजनीति से गायब,
लोक-कल्याण किस तरह संभव-
प्रीति अब राजनीति से गायब।
स्वशासन में भी लोग भूख से मर रहे हैं और अनाज गोदामों में सड़ रहा है। कवि पूछता है कि क्या इसी व्यवस्था को प्रजातंत्र कहते हैं- न कोई पूजा, न कोई तंत्र है,
आदमी का खुला षड्यंत्र है,
साल-दर-साल भुखमरी बढ़ती-
कहो यह कैसा प्रजातंत्र है।
कवि शब्द की शक्ति को तो महत्व देता ही है वह कविताओं से छंद के गायब होने से भी आहत नजर आता है। इस मुक्तक में उनकी इसी पीड़ा की अभिव्यक्ति हुई है-
काव्य है गद्यमय हुआ जाता,
दर्द को अब नहीं छुआ जाता,
इस नये दौर में तो हाथों से-
व्याकरण का उड़ा सुआ जाता।
कवि आशावादी दृष्टिकोण अपनाने का पक्षधर है। वह चाहता है कि जीवन में सकारात्मक सोच रखी जाये-
अश्रु के बीच तुम खुशी खोजो,
मौन के बीच तुम हँसी खोजो,
जि़न्दगी वह जो प्यार में गुजरे-
वैर के बीच दोस्ती खोजो।
भोगवादी संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के कारण अब पैसे को बहुत महत्व दिया जाने लगा है। अब तो रिश्ते-नातों का वजन भी पैसे से तोला जाने लगा है-
रिश्तों का आधार बना पैसा,
आपस का व्यवहार बना पैसा,
पैसा जिसके पास नहीं वह पंगु-
खुशियों की रफ्तार बना पैसा।
कवि ने अपने लंबे अनुभव के आधार पर जीवन और जगत से जुड़े विविध विषयों को आधार बनाकर प्रभावी मुक्तक लिखे हैं जो पाठक के मन पर प्रभाव छोड़ते हैं। सरल भाषा में होने के कारण लोगों की जुबान पर चढऩे का मादा भी इन मुक्तकों में है। मगर इतने प्रभावशाली मुक्तकों वाले संग्रह में भी कुछ जगह प्रूफ की अशुद्धियाँ रह गई हैं। आलोच्य कृति का आवरण आकर्षक तथा छपाई सुन्दर है। कुल मिलाकर 'आँसू का अनुवादÓ मुक्तक विधा की श्रेष्ठ कृति है। वरिष्ठ साहित्यकार और पुस्तक की भूमिका लेखिका श्रीमती सुकीर्ति भटनागर की इस बात से सहमत हुआ जा सकता है कि 'आँसू का अनुवादÓ समय से संवाद करते मुक्तकों का संग्रह है। इस कृति का साहित्य जगत में व्यापक स्वागत होगा-ऐसी आशा है। रघुविन्द्र यादव

Friday, August 7, 2015

विद्रूपताओं को बेपर्दा करता गीतिका संग्रह : कौन सुने इकतारा

भद्रजनों को संबोधित कर पद्य में बात कहने की परम्परा काफी पुरानी है। कबीर साहब जहाँ 'साधो' संबोधन का प्रयोग करते थे, वहीं उर्दू-फारसी के रचनाकार 'शैख जी' को संबोधित कर अपनी बात कहते रहे हैं। श्री रमेश जोशी का सद्य प्रकाशित गीतिका संग्रह 'कौन सुने इकतारा' इसी शैली की रचनाओं का संग्रह है, जिसे डॉ.रणजीत ने कबीर की चौथी विधा बताया है। जोशी जी ने अपनी बात 'भगत जी' और 'भगतो' संबोधनों का प्रयोग करते हुए गीतिका में कही है। जोशी जी ने कबीर की शैली को ही आत्मसात नहीं किया है वरन् उनकी रचनाओं की धार और मार भी कबीर जैसी ही है-
सुने न कोई हाल भगत जी
भूलो दर्द मलाल भगत जी
राजा बहरा जनता गूँगी
पूछे कौन सवाल भगत जी
भूख मज़ूरी मौज़ दलाली
बुरा देश का हाल भगत जी
अब घडिय़ालों के कब्ज़े में
है बस्ती का ताल भगत जी
कवि ने राजनीति, समाज, मंच, मीडिया, पर्यावरण, शिक्षा, नारी, पश्चिम के अंधानुकरण, भ्रष्टाचार, स्वार्थपरता, जीवन की विसंगतियों, मूल्यहीनता, गाँवों की बदहाली आदि जीवन और जगत से जुड़े अनेक विषयों पर अपनी लेखनी चलाई है। आलोच्य कृति में कुल 105 गीतिकाएँ शामिल की गई हैं।
जोशी जी का संवेदना-संसार व्यापक है और सहज-सरल भाषा में अपनी बात कहने में निपुणता हासिल है। कवि सांस्कृतिक मूल्यों के क्षरण से आहत है, उसे लगता है कि अब 'मंच मीडिया और सत्ता सभी पर लम्पट भाँड और नचनिया काबिज़ हो गए हैं', 'उपभोक्ता को ललचाने के लिए मॉडल वस्त्र उतार रही हैं', 'संयम गायब है और सबको भोग का बुखार चढ़ा है', 'सत्ता काजल की कोठरी बन चुकी है, जिसमें कोई दूध का धुला नहीं है', 'ब्रेक डाँस की महफिलें हैं, जहाँ इकतारा सुनने वाला कोई नहीं है' और 'पूर्व के अंधों को पश्चिम में उजियाला नज़र आ रहा है।' कवि ने जीवन के जटिल यथार्थ को भी धारदार भाषा में सहजता से प्रकट किया है।
नारी पूजक इस देश में आज यदि कोई सबसे अधित असुरक्षित है तो वह है नारी। जो गर्भ में भी सुरक्षित नहीं वह घर और समाज में कैसे सुरक्षित होगी? कवि जब नारी की दशा का वर्णन करते हुए कहता है-
हवा धूप से डरता जिसकी
बेटी हुई जवान भगत जी
---
द्रौपदियों पर ही लगता है
दुर्योधन का दाँव भगत जी
तो आज के समाज का नंगा यथार्थ अपने विद्रूपित चेहरे के साथ सामने आ जाता है। इसी प्रकार जब कवि मौजूदा व्यवस्था के षड्यंत्रकारी शोषक चेहरे को बेनकाब करते हुए कहता है-
सस्ते शिक्षा ऋण पर चाहे
ध्यान न दे सरकार भगत जी
मगर कार ऋण देने खातिर
बैंक खड़े तैयार भगत जी
---
जाने दस्यु-मुक्त कब होगी
लोकतंत्र की चम्बल भगतो
---
लोकतंत्र में कुत्ता करता
हड्डी की रखवाली भगतो
तो भारतीय राजनीति का कड़वा सच सामने आ जाता है कि किस तरह लोकतंत्र में लोक उपेक्षित है।
कवि की पैनी नज़र से समाज की विसंगतियाँ और विद्रूपताएँ छुपी नहीं हैं। बुजुर्गों को आज जिस प्रकार से उपेक्षित और अपमानित किया जा रहा है वह दुखद और विचारणीय है-
जब से नई बहू आई है
बाहर बैठी माँ जी भगतो
कवि की भाषा मुहावरेदार है और कथ्य को प्रभावशाली बनाने के लिए उर्दू, फारसी, पंजाबी, अंग्रेजी भाषा के साथ-साथ देशज शब्दों का भी प्रयोग किया है-
छाछ शिकंजी को धमकाता
अमरीका का ठंडा भगतो
है बंदर के हाथ उस्तरा
कर डालेगा कुंडा भगतो
कवि अपने परिवेश के प्रति सजग और संवेदनशील है। जल को व्यापार की वस्तु बना दिए जाने और अब तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध न होने पर कटाक्ष किया है-
क्या दारू क्या गंदा पानी
हमको मरना पीकर भगतो
---
ढोर पखेरू निर्धन प्यासे
पानी के भी दाम भगत जी
चौतरफा पतन और गिरावट के बावजूद कवि निराश नहीं है, उसे यकीन है कि सुबह ज़रूर आएगी-
आशा से आकाश थमा है
कभी न छोड़ो आस भगत जी
अंधियारे के पीछे-पीछे
आता सदा उजास भगत जी
मीथकों का प्रयोग अत्यंत प्रभावी है। द्रौपदी, दुर्योधन, कृष्ण, कंस, राम, सीता, दसानन आदि का प्रयोग करके कवि ने अभिव्यक्ति को दमदार बनाया है। पेपर बैक इस 112 पृष्ठ वाली कृति की साज-सज्जा आकर्षक और मूल्य 125 रुपए बहुत वाजि़ब है। कबीर की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले इस संग्रह का साहित्य जगत से व्यापक स्वागत होगा, ऐसा विश्वासपूर्वक कहा जा सकता है।

कृति-कौन सुने इकतारा
कवि-रमेश जोशी
पकाशक-अनुज्ञा बुक्स, शहादरा, दिल्ली
पृष्ठ-112 मूल्य-125 रुपए 

-रघुविन्द्र यादव

Wednesday, August 5, 2015

कबीर की शैली में धारदार रचनाएं- सुभाष रस्तोगी

रघुविन्द्र यादव के दो दोहा संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं तथा ‘मुझ में संत कबीर’ उनका प्रथम कुंडलिया छंद संग्रह है। कुंडलिया एक मुश्किल छंद है और इसे साधना सहज नहीं है। इसे तो वही साध सकता है जिसे खांडे की धार पर नंगे पांव चलने में महारत हासिल हो। वे अपने प्रथम कुंडलिया छंद संग्रह‘मुझमें संत कबीर’ में एक छंदसिद्ध कवि के रूप में सामने आये हैं। हिंदी कविता में कुंडलियां छंद कवि गिरधर के नाम से जाना जाता है, लेकिन रघुविन्द्र यादव ने अपना संबंध कबीर से जोड़ा है और इसकी वजह भी अब हम कवि से ही जानें :-मरने मैं देता नहीं, अपना कभी ज़मीर।इसीलिए ज़िंन्दा रहा, मुझमें संत कबीर।।मुझमें संत कबीर बैठकर दोहे रचता।कहता सच्ची बात, कलम से झूठ न बचता।(पृ.55)इस कृति की राह से गुजरने पर पता चलता है कि कवि का रास्ता वाकई कबीर का है। उनकी कविता ऐन मुहाने पर चोट करती है। देखें यह पंक्तियां जो पाठक की चेतना पर चोट करती है—
शोषक-शोषित रह गई, दुनिया में दो जात।मूरख जन ही अब करें, वर्ण भेद की बात।।वर्ण-भेद की बात,समझ है जिनकी छोटी।जाति-धर्म की आड़, बिठाते शातिर गोटी।(पृष्ठ 68)इन दिनों जब गंगा शुद्धीकरण का बहुत शोर बरपा है, तब ऐसे में यह पंक्तियां बहुत वाजिब सवाल उठाती हैं—गंदा नाला बन गई, नदियों की सिरमौर।गंगाजी को चाहिए, एक भगीरथ और।।(पृ. 19)धर्म के पाखंड को बेपर्दा करती कवि की यह पंक्तियां उसकी पक्षधरता के साक्ष्य के तौर पर देखी जा सकती हैं—गाड़ी, बंगले, चेलियां, अरबों की जागीर।ये सब जिसके पास हैं, वे ही आज फकीर।।उत्तर पूंजीवाद ने कैसे उस ‘नारी’ को जो कभी ‘नारायणी’ थी ‘उत्पाद’ बनाकर बाजार में उतार दिया और उसे इस साजिश का पता ही नहीं चला, इसी सत्य को उकेरती यह पंक्तियां देखें—नारी थी नारायणी, बनी आज उत्पाद।लाज-शर्म को त्यागकर, करे अर्थ को याद।।(पृ. 66)और यह पंक्तियां सीधे सत्ता की तरफ एक सवाल उछालती हैं—
अब तक भी है गांव में कष्टों की भरमार।साठ साल में आपने, क्या बदला सरकार।।(पृ.59)समग्रत: रघुविन्द्र यादव का प्रथम कुंडलियां छंद संग्रह इसलिए अपनी उपस्थिति अलग से दर्ज करता है क्योंकि इस संग्रह की कुंडलियों में कबीर जैसा अक्खड़पन और सच्चाई मौजूद है। रघुविन्द्र के कबीर की जमात का कवि होने का इससे बड़ा साक्ष्य और क्या हो सकता है?


0पुस्तक : मुझमें संत कबीर 
0लेखक : रघुविन्द्र यादव 
0प्रकाशक : अयन प्रकाशन, नयी दिल्ली-30 
0पृष्ठ संख्या : 79 0मूल्य :रुपये 180.
दैनिक ट्रिब्यून से साभार 

Sunday, April 15, 2012

पत्रिका की समीक्षा

दैनिक ट्रिब्यून में बाबूजी का भारतमित्र पत्रिका की समीक्षा

पत्रिकाएं मिलीं

Posted On April - 15 - 2012
अरुण नैथानी

बाबूजी का भारत मित्र

हरियाणा की अर्धवार्षिक साहित्यिक पत्रिका 'बाबूजी का भारत मित्र' के दूसरे अंक में साहित्य की तमाम विधाओं की रचनाओं का सुरुचिपूर्ण संकलन है। समीक्ष्य अंक में गज़ल-नज़्म, दोहे, नवगीत, गीत, कविताओं का स्तरीय संकलन किया गया है। स्मृति-अशेष स्तंभ में जहां अदम गोंडवी व शहरयार का भावपूर्ण स्मरण है, वहीं रिपोर्ताज शैली में कुछ पठनीय रचनाएं संकलित हैं। इसी के साथ कथा संसार में मर्मस्पर्शी कहानियां संकलित हैं। पुस्तक का आवरण खासा प्रेरक है। कुल मिलाकर अंक पठनीय है।०पत्रिका : बाबूजी का भारत मित्र ०संपादक : रघुविन्द्र यादव ०प्रकाशक : प्रकृति भवन, नीरपुर, नारनौल-123001 ०मूल्य : रुपये 15/-.


हरियाणा की अर्धवार्षिक साहित्यिक पत्रिका 'बाबूजी का भारत मित्र' के दूसरे अंक में साहित्य की तमाम विधाओं की रचनाओं का सुरुचिपूर्ण संकलन है। समीक्ष्य अंक में गज़ल-नज़्म, दोहे, नवगीत, गीत, कविताओं का स्तरीय संकलन किया गया है। स्मृति-अशेष स्तंभ में जहां अदम गोंडवी व शहरयार का भावपूर्ण स्मरण है, वहीं रिपोर्ताज शैली में कुछ पठनीय रचनाएं संकलित हैं। इसी के साथ कथा संसार में मर्मस्पर्शी कहानियां संकलित हैं। पुस्तक का आवरण खासा प्रेरक है। कुल मिलाकर अंक पठनीय है।०पत्रिका : बाबूजी का भारत मित्र ०संपादक : रघुविन्द्र यादव ०प्रकाशक : प्रकृति भवन, नीरपुर, नारनौल-123001 ०मूल्य : रुपये 15/-.

Tuesday, January 3, 2012

नागफनी के फूल - समीक्षा

अपनी माटी वेब पत्रिका में रघुविन्द्र यादव के दोहा संग्रह "नागफनी के फूल" की समीक्षा

जिन्दगी की डाल से तोड़े गये- ‘नागफनी के फूल’

रघुविन्द्र यादव बहुमुखी प्रतिभा के धनी संवेदनशील रचनाधर्मी हैं। आलोक प्रकाशन, नीरपुर, नारनौल से सद्य प्रकाशित 80 पृष्ठीय ‘नागफनी के फूल’ उनके 25 शीर्षकों में बंटे 424 दोहों का मनभावन संग्रह है। इसमें सरल भाषा में लिखे गये दोहों में जीवन, राजनीति, यथार्थ, जीवन की विसंगतियों, मूल्यहीनता, भ्रष्ट व्यवस्था, आतंकवाद, गाँव की बदलती हालत, पर्यावरण प्रदूषण, रिश्तों में फैलती स्वार्थपरता, संबंधों की मृदुता, हिन्दी की महत्ता आदि अनेक विषयों पर प्रभावी दोहे अनुस्यूत हैं। इन दोहों में मिथकों का नवीनीकरण करते हुए यथार्थ को वाणी दी गई है और सरल प्रतीकों से जीवन के सत्य को रुपापित किया गया है। इनका संवेदना-संसार व्यापक है। वे व्यक्ति से लेकर विश्व और अंतरिक्ष तक को अपना कथ्य बनाते हैं। भाषा पर कवि का अधिकार है और समन्वय का परिपालन करते हुए दोहाकार ने परिमार्जित शब्दावली से लेकर विदेशी और देशज शब्दों का खुलकर प्रयोग किया है। लोक-संस्कृति और लोक-जीवन के प्रति कवि का गहरा अनुराग है। इसीलिए तो शहर की जिन्दगी उसे ‘घर में ही वनवास’ भोगने जैसी लगती है। सांस्कृतिक मूल्यों के क्षरण से कवि आहत है, इसीलिए उसे लगता है कि अब ‘लोग नागों से भी अधिक विषैले हो गए हैं’, ‘आँगन में नागफनी’ उग आई हैं, चीखती द्रौपदी की लाज बचाने वाला कोई नहीं क्योंकि आज के केशव स्वंय गुण्डों से मिल गए हैं, नेता और दलाल देश को लूट कर खा रहे हैं और हमारी संवेदनाएं सूख गई हैं। धारदार भाषा में जीवन के जटिल यथार्थ को प्रकट करने की कवि की क्षमता प्रसंशनीय है। महिलाओं पर होने वाले अत्याचार और पुलिस के खौफनाक भक्षक चेहरे को उजागर करते हुए जब यादव जी कहते हैं-

संसद में होती रही, महिला हित की बात।
थाने में लुटती रही, इज्जत सारी रात।।

तो आज का नंगा यथार्थ अपने विद्रूपित चेहरे के साथ सामने आ जाता है। इसी तरह जब वे आज की व्यवस्था के षडय़ंत्रकारी शोषक चेहरे को निरावृत्त करते हुए कहते हैं-

हत्या, डाका, रहजनी, घूस और व्यभिचार।
नेता करने लग गये, लाशों का व्यापार।।

तो आज की राजनीति का सच सामने आ जाता है। भू्रणहत्या जैसे दुर्दान्त पाप हों, या प्रकृति का अनियन्त्रित और अंधाधुंध दोहन, नेताओं की धूर्तता हो या पुलिस का अत्याचार, आज की पीढ़ी में पनपती अनास्था हो या पारिवारिक मूल्यों का क्षरण, फैलते बाजारवाद का दुर्दान्त चेहरा हो गया वैश्वीकरण के अंतहीन दुष्परिणाम, कवियों की गिरती छवि हो या पत्रकारिता का थ्रिल तलाशता बाजारी चेहरा, महँगाई की मार से बेदम हुआ अवाम हो या संबंधों में पनपी स्वार्थपरता, मूल्यों की टूटन हो या संस्कृति का क्षरण यादव जी सच को सच की भाषा में उकेरना जानते हैं। वे आज की समस्याओं और प्रश्रों से सीधे-सीधे मुठभेड़ करते हैं। यथार्थ जीवन की विकृतियों और दुर्दान्तताओं पर सीधे-सीधे चोट करते कुछ दोहे दृष्टव्य हैं-

विद्वानों पर पड़ रहे, भारी बेईमान।
हंसों के दरबार में, कौवे दें व्याख्यान।।
* * *
दो रोटी के वास्ते, मरता था जो रोज।
मरने पर उसके हुआ, देशी घी का भोज।।
* * *
जब से उनको मिल गई, झंडी वाली कार।
गुण्डे सारे हो गये, नेताजी के यार।।
* * *
नफरत बढ़ती जा रही, घटा आपसी प्यार।
जब से पहुँचा गाँव में, केबल का व्यापार।।
* * *
नारी थी नारायणी, बनी आज उत्पाद।
लाज-शर्म को त्याग कर, करे अर्थ को याद।।

इन दोहों की धार बड़ी तीखी है। भाषा के संबंध में कवि अत्यंत उदारवादी है। उसने एक ओर ख्वाहिश, उसूल, अदब, गिरवी, ज़लसे, तमन्ना, रहबर, राहजनी, अवाम तथा शान जैसे उर्दू फारसी शब्दों का प्रयोग किया है तो केबल टी.वी.जैसे अंग्रेजी शब्द भी इनमें उपलब्ध हैं। कुछ शब्दों को कवि ने देशज शैली में भी प्रयुक्त किया है, यथा मन्तरी, डूबन आदि। मिथकों का प्रयोग अत्यंत शानदार है। द्रौपदी, कृष्ण, देवकी, केशव आदि का प्रयोग करके कवि ने अभिव्यक्ति को दमदार बनाया है परन्तु यथार्थ की ऐसी दमदार अभिव्यक्ति वाले कुछ दोहों में भी कहीं-कहीं संरचनात्मक त्रुटियाँ रह गयीं हैं, परन्तु ये दोष अपवाद स्वरूप हैं, अन्यथा ये दोहे निर्दोष हैं। हमारा विश्वास है कि ‘‘नागफनी के फूल’’ के ये दोहे साहित्य जगत में सम्मान पायेंगे।

योगदानकर्ता / रचनाकार का परिचय :-

डॉ.रामसनेही लाल शर्मा ‘यायावर’

डी.लिट.
86, तिलकनगर, बाईपास रोड़, फीरोजाबाद (उत्तर प्रदेश)-283203

http://www.apnimaati.com/2012/01/blog-post.html

Sunday, July 3, 2011

दैनिक ट्रिब्यून में दोहा संग्रह "नागफनी के फूल" की समीक्षा

समर्थ दोहाकार का यथार्थ बोध

पुस्तक समीक्षा
अरुण नैथानी
भारतीय लोकजीवन के कवियों ने आदिकाल से अपनी बात कहने के लिए दोहों का सहारा लिया। कल्हड़ आदि से शुरू हुई यह परंपरा वीरगाथा काल में तब समृद्ध हुई जब पृथ्वीराज रासो से लेकर वीसल देव ने हृदयस्पर्शी रचनाओं को जन-जन तक पहुंचाया। दोहों की सरलता इनका अभीष्ट गुण है। कालांतर आध्यात्मिक सत्यों को उद्घाटित करने के लिए दोहों का खूबसूरत उपयोग हुआ। कबीर, नानक, रैदास, दादू, रहीम आदि ने जाति-बंधनों व धार्मिक आडंबरों पर गहरी चोट करते हुए इस छंद विधा को सार्थक बनाया। लेकिन समय ने करवट ली और रीतिकाल के बाद आधुनिक काल तक दोहा परंपरा हाशिये पर चली गई। छायावाद में दोहे नजर नहीं आये। लेकिन बदलते वक्त के साथ आज $गज़लकारों के साथ दोहा लिखने वालों की बाढ़ आई हुई है। यही वजह है कि पद्मभूषण गोपाल दास नीरज को लिखना पड़ा कि ‘दोहा, काव्य की वह कला है जो होंठों पर तुरंत बैठ जाती है, इसलिए इसकी भाषा प्रसाद गुण लेकिन काव्य गाम्भीर्य होना चाहिए।’
इसमें दो राय नहीं कि दोहा एक मारक छंद रहा है। कविराज बिहारी लाल के दोहों की मारक क्षमता का अवलोकन करते हुए समीक्षकों ने कहा था—देखन में छोटे लगें घाव करें गंभीर। हालांकि, आज दोहों में वह भाषा सौंदर्य व मारक क्षमता नजर नहीं आती, लेकिन इस प्रभावकारी विधा में खूब लिखा जा रहा है। अत: अड़तालीस मात्राओं वाला छंद खासा लोकप्रिय है। चर्चित दोहाकार डॉ. रामनिवास मानव लिखते हैं कि तीन दशक पूर्व मैंने जब हरियाणा में दोहे लिखने शुरू किए तो इक्का-दुक्का लोग छिटपुट रूप में, दोहे लिख रहे थे लेकिन आज तमाम दोहाकार इस विधा में हाथ आजमा रहे हैं। इसी क्रम में अपने पहले दोहा-संग्रह ‘नागफनी के फूल’ के जरिये कवि रघुविन्द्र यादव भी इस पंक्ति में शामिल हो गए हैं। उनकी मान्यता है कि हमारे जनजीवन में हर जगह कैक्टस उग आए हैं। सामाजिक विद्रूपताओं पर प्रहार करते 25 शीर्षकों में विभाजित उनके सवा चार सौ दोहे समीक्ष्य कृति में शामिल हैं।
समीक्ष्य कृति में रचनाकार दोहों की प्रस्तुति में पाठकों से संवाद करता प्रतीत होता है। रचनाकार का दायित्व है कि वह देशकाल व समकालीन परिस्थितियों के परिप्रेक्ष्य में यथार्थ की कसौटी पर खरा उतरे और नीर-क्षीर विवेचन के साथ भावों को अभिव्यक्त करे। इस दायित्व को रचनाकार ने दोहों को 25 विषयों के अनुरूप विभाजित किया है। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या रचनाकार को सिर्फ निर्मम आलोचक के रूप में सामने आना चाहिए? क्या इससे पाठक वर्ग में हताशा उत्पन्न नहीं होती है? क्या छंदकार को क्षरण के पराभव से उबरने का संदेश नहीं देना चाहिए? क्या समाज सौ फीसदी पतनशील है? बहरहाल, रचनाकार विम्ब विधान के जरिये कथन के सम्प्रेषण की सार्थक कोशिश करते हैं। प्रस्तुत दोहे में कनक शब्दों के दो अर्थों का वे सटीक उपयोग करके भाषा के अलंकारिक पहलू की सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हैं :-
कनक हुई जब खेत में, दो कौड़ी था मोल,
लाला के गोदाम से, बिकी कनक के मोल।
‘बेटी ऐसी फूल’ शीर्षक जहां सकारात्मक सोच व आशावाद की बानगी पेश करता है, वहीं संकलन का प्रस्तुत दोहा परंपरावादी सोच का प्रतिनिधित्व करता है :-
बेटी किसी गरीब को, मत देना भगवान,
पग-पग पर सहना पड़े, अबला को अपमान।
समीक्ष्य कृति में रचनाकार कवि, लेखकों, पत्रकारों व संपादकों को खूब खरी-खोटी सुनाने से नहीं चूकते। वह लगभग सभी कलमकारों (एकाध अपवाद छोड़कर) को एक तराजू में तोलते हैं :-
कलमकार बिकने लगे, गिरवी रख दी शर्म,
बस नेता की चाकरी, समझें अपना धर्म।
छपे नहीं अखबार में, आमजनों की पीर,
संपादक को चाहिए, गुंडों पर तहरीर।
इसके अलावा रचनाकार मौजूदा समय की धड़कनों को गहरे तक महसूस करते हैं। वे आपाधापी के माहौल में दरकती आस्थाओं, धर्म के पाखंड, जातीय आडंबर तथा राजनीतिक विद्रूपताओं को बेनकाब करने से गुरेज नहीं करते। यह बात अलग है कि उनके तेवर तीखे ज़हर-बुझी कटार सरीखे हैं। बानगी देखिए :-
‘यादव’ का है कुल बड़ा, फूट गले की फांस,
केशव की बंसी बजी, बजे वंश में बांस।
सास-ससुर लाचार हैं बहू न पूछे हाल,
डेरे में ‘सेवा’ करे, बाबा हुआ निहाल।
रघुविन्द्र यादव के संकलित दोहे भाषा की सहजता, कथ्य की दृष्टि, अलंकार-बिंब योजना व सम्प्रेषण के नजरिये से अपने उद्देश्य में सफल प्रतीत होते हैं। अलीगढ़ के ख्यातिनाम दोहाकार अशोक ‘अंजुम’ की टिप्पणी सटीक है—बहुत बड़ा परिवार है दोहाकारों का… कहां तक नाम गिनाएं जाएं… रघुविन्द्र यादव इस परिवार के नये व सशक्त सदस्य हैं। बहरहाल, कलेवर की दृष्टि से पुस्तक आकर्षक, पठनीय व दोषमुक्त है।
०समीक्ष्य कृति : नागफनी के फूल (दोहा संग्रह) ०रचनाकार : रघुविंद्र यादव ०प्रकाशक : आलोक प्रकाशन, नीरपुर, नारनौल ०पृष्ठ : 80 ०मूल्य : रुपये 100/-.
ऑनलाइन पढ़ने के लिए क्लिक करें